सेल्फी का जुनून बना मौत का कारण: दामनकोल झरने के गहरे कुंड में डूबने से 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

दामनकोल झरना प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन यहां का गहरा कुंड और फिसलन भरी चट्टानें हमेशा खतरा बनी रहती हैं। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने पर्यटकों से अपील की है कि झरनों और नदी-तालाबों में स्नान या सेल्फी लेते समय विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि एक क्षण की लापरवाही जिंदगी छीन सकती है।
हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। मुंगेर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दामनकोल झरने पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पिकनिक की खुशियों को मातम में बदल दिया। सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसलने से 18 वर्षीय युवक गहरे कुंड में जा गिरा और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद झरने पर अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि खूबसूरत जगहों पर एक छोटी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
मृतक की पहचान तारापुर थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव निवासी भरत तांती के 18 वर्षीय पुत्र करण कुमार के रूप में हुई है। करण अपने सात दोस्तों के साथ दामनकोल झरने पर पिकनिक मनाने आया था। उसके साथ सौरभ, रौशन, आकाश, मनीष समेत अन्य दोस्त भी मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी युवक झरने में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान करण मोबाइल से सेल्फी लेने लगा। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे कुंड में जा गिरा। बताया जाता है कि गिरते समय उसका सिर पत्थर से भी टकराया, जिससे वह संभल नहीं सका और गहरे पानी में डूब गया।
दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े। तत्काल हवेली खड़गपुर पुलिस के डायल 112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से करण को कुंड से बाहर निकाला। गंभीर अवस्था में उसे अनुमंडल अस्पताल लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि करण तारापुर में टोटो मैकेनिक का काम करता था, जबकि उसके पिता भरत तांती मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दो भाइयों में करण सबसे बड़ा था और परिवार की उम्मीदों का सहारा माना जाता था।
मृतक के दोस्तों ने बताया कि हादसे के बाद महपुर के दो साथी घटनास्थल से चले गए। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
हवेली खड़गपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
सावधानी ही सुरक्षा
दामनकोल झरना प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन यहां का गहरा कुंड और फिसलन भरी चट्टानें हमेशा खतरा बनी रहती हैं। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने पर्यटकों से अपील की है कि झरनों और नदी-तालाबों में स्नान या सेल्फी लेते समय विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि एक क्षण की लापरवाही जिंदगी छीन सकती है।




