आन्दोलनराजनीति

क्रांति दिवस की पूर्व संध्या पर 8 अगस्त को समाहरणालय घेराव करेगी सपा, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग

मुंगेर। समाजवादी पार्टी (सपा) की जिला इकाई की एक आवश्यक बैठक शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक भवन में जिलाध्यक्ष पप्पू यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में देश, प्रदेश एवं जिले की वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत बनाने, जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने तथा क्रांति दिवस की पूर्व संध्या पर 8 अगस्त को जिला समाहरणालय का घेराव करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।


बैठक में समाहरणालय से लेकर प्रखंड कार्यालयों में व्याप्त कथित अनियमितताओं, सदर अस्पताल की बदहाल व्यवस्था, बढ़ते अपराध, भूमिहीनों के वासगीत पर्चा, किसानों की समस्याओं तथा अन्य जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर सीपीआई नेता बच्चू राय चंद्रवंशी, समाजसेवी नीलम देवी, अरुण महतो सहित आधा दर्जन लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
बैठक को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक अधिकारों पर दबाव बढ़ रहा है और आंदोलन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने मुंगेर में छात्रों पर दर्ज मुकदमों को बिना शर्त वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में भी दलित बस्तियों में सड़क, किसानों को सुविधाएं, भूमिहीनों को वासगीत पर्चा तथा आम जनता को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पार्टी आंदोलन जारी रखेगी।
समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित के सवालों को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाती रहेगी।
बैठक को पार्टी महासचिव अशोक भारत, प्रवक्ता गणेश पोद्दार, जिला सचिव नकुल यादव, मुंगेर नगर अध्यक्ष मो. आजम, जमालपुर नगर उपाध्यक्ष डॉ. सुधीर गुप्ता सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया और विभिन्न जनसमस्याओं पर अपने विचार रखे।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्रांति दिवस की पूर्व संध्या पर 8 अगस्त को जिला समाहरणालय का घेराव कर जनसमस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।
बैठक में महासचिव मिथलेश यादव, महिला सभा अध्यक्ष रंजन अराफात, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, सचिव सुधीर यादव, गोपाल वर्मा, रामानंद यादव, छड़पन मंडल, सत्यजीत पासवान, दिनेश साहू, राजेश झा, कालेश्वर महतो, डब्ल्यू यादव, मथुरी यादव, लक्ष्मण मंडल, चंदन साहू, वीरेंद्र दास, सिद्ध कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!