लोकल न्यूज़
गंगटा थाना में पुलिस अधीक्षक ने की जनसुनवाई, आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश,

पुलिस अधीक्षक, सैयद इमरान मसूद द्वारा गंगटा थाना परिसर में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं, जिन्हें उन्होंने गंभीरता से सुना।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदन पत्रों को वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित पदाधिकारियों को सौंपते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी मामलों में शीघ्र एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध निपटारा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा कानून के दायरे में रहकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता दरबार के आयोजन से लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा और समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी।




