लोकल न्यूज़

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का मुंगेर आगमन, कई विकास कार्यों का करेंगे शुभारंभ,

रविवार, 28 दिसंबर को हवेली खड़गपुर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के शुभारंभ को लेकर माननीय उपमुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी का शनिवार को मुंगेर आगमन हुआ। वे तारापुर पार्वती नगर स्थित हेलीपैड पर पहुंचे, जहां पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
आगमन के पश्चात माननीय उपमुख्यमंत्री ने आमजन से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
रविवार को अपने कार्यक्रम के तहत माननीय उपमुख्यमंत्री सर्वप्रथम राजकीय बुनियादी विद्यालय, खैरा के मैदान में आयोजित माननीय प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इसके उपरांत वे स्थानीय लोगों की जनसमस्याओं से रूबरू होंगे।
इसके पश्चात माननीय उपमुख्यमंत्री द्वारा सौ शैय्या वाले अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर में आमजन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा तथा अस्पताल परिसर का अवलोकन भी किया जाएगा। इसके बाद हवेली खड़गपुर झील के समीप कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य एवं नए बोटिंग चैनल का उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत वहीं स्थित कैफेटेरिया में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी।
अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर में स्वास्थ्य सेवाओं के शुभारंभ के साथ ही हवेली खड़गपुर अनुमंडलवासियों को सौ शैय्या अस्पताल सहित विभिन्न आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!