लोकल न्यूज़
रामनवमी व दुर्गा पूजा विसर्जन को लेकर मुंगेर प्रशासन अलर्ट, फ्लैग मार्च निकाल शांति की अपील

रामनवमी एवं दुर्गा पूजा विसर्जन को भक्तिपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर के नेतृत्व में शहर तथा जमालपुर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान आमजन से पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक आनंद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। यह मार्च शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों को शांति एवं भाईचारे का संदेश देता रहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुंगेर जिला गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता है और यहां के लोग हर पर्व को मिल-जुलकर मनाते आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी सभी लोग प्रशासन का सहयोग कर पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी पूजा पंडालों में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही नियमित पुलिस गश्ती और क्यूआरटी टीम द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी। सभी प्रमुख पूजा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।
विसर्जन के दिन शोभायात्रा की वीडियोग्राफी के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। इसके अलावा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जहां आमजन किसी भी प्रकार की सूचना दे सकते हैं।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि जिला एवं पुलिस प्रशासन हर परिस्थिति में आमजन के साथ है, बस सभी के सहयोग की आवश्यकता है।




