राजनीतिलोकल न्यूज़
महंगाई और पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, जमालपुर में निकाला विरोध मार्च

बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने जमालपुर शहर में जोरदार विरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए तथा महंगाई और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
जमालपुर शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित विरोध मार्च जिला अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में धर्मशाला रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ। मार्च बराट चौक, शनि मंदिर, अवंतिका मोड़ होते हुए जुबली वेल चौक तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगाई डायन खाय जात है”, “पेपर लीक बंद करो”, “केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो”, “महंगाई की मार, युवा बेरोजगार” तथा “मोदी तेरे शासन में आग लगी है राशन में” जैसे नारों से शहर का माहौल गूंजा दिया।

विरोध मार्च को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्री मिश्रा ने कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था लगातार संकट में है। NEET, SSC, BPSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लगातार लीक हो रहे हैं, जिससे लाखों छात्रों की मेहनत और भविष्य दांव पर लग रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल जांच के नाम पर खानापूर्ति कर रही है। उन्होंने पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की।
मौके पर उपस्थित मुंगेर प्रदेश उपाध्यक्ष (ईबीसी कांग्रेस) डॉ. सुरेश कुमार ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। उन्होंने केंद्र सरकार से पेट्रोलियम उत्पादों पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर राहत देने की मांग की।
शहर कमेटी के अध्यक्ष साइन शंकर ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार को सख्त कानून बनाना चाहिए। साथ ही शिक्षा माफिया और पेपर लीक गिरोह की संपत्तियों को जब्त कर विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से त्वरित सुनवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को कड़ी सजा मिल सके।
प्रदर्शन में सेवा दल जिला अध्यक्ष चंदन कुमार सिंह, अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष दीपक दास, नगर उपाध्यक्ष सिद्धेश्वर नाथ विश्वकर्मा, कमलेश्वरी मंडल, चंदन कुमार, लाल बाबू प्रसाद, अरविंद कुमार, राजकुमार रजक, विपिन कुमार सिन्हा, ओम प्रकाश साह, निरंजन प्रसाद तिवारी, चंद्रशेखर चौरसिया, हरिनंदन पासवान, राहुल जयकर, शिव शंकर गुप्ता, मनोज यादव, दिनेश यादव, रणजीत मिश्रा, कुंदन सिंह, अजब लाल मांझी, नवीन कुमार, राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया और पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लगी, तो पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।




