लोकल न्यूज़स्पेशल

हरि सिंह महाविद्यालय में SSAI का सहायतार्थ शिविर आयोजित, नवप्रवेशी छात्रों को नामांकन में मिली मदद

हवेली खड़गपुर (मुंगेर), 11 जून 2026। स्थानीय हरि सिंह महाविद्यालय में सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SSAI) द्वारा स्नातक (यूजी) सेमेस्टर-1 के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष सहायतार्थ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दूर-दराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नवप्रवेशी विद्यार्थियों को नामांकन प्रक्रिया के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं से बचाना तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।
शिविर का संचालन संगठन के छात्र नेता सागर प्रताप सिंह, आदित्य राज एवं राजू कुमार के संयुक्त नेतृत्व में किया गया। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज पहुंचे दर्जनों छात्र-छात्राओं का स्वागत किया तथा उनकी सहायता के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया। कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को नामांकन प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जांच कराने तथा महाविद्यालय परिसर के विभिन्न विभागों एवं काउंटरों तक पहुंचने में सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर छात्र नेता सागर प्रताप सिंह, आदित्य राज एवं राजू कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि डिजिटल युग में ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया और नई शैक्षणिक व्यवस्थाओं को समझने में ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी छात्र जानकारी के अभाव में परेशान न हो और उसे समय पर उचित मार्गदर्शन मिल सके।
उन्होंने कहा कि सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया सदैव छात्रों के अधिकारों, उनकी सुविधाओं एवं समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत रहा है तथा भविष्य में भी छात्र हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
नामांकन कराने पहुंचे छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से न केवल समय की बचत होती है, बल्कि विद्यार्थियों को अनावश्यक मानसिक तनाव से भी राहत मिलती है।
शिविर को सफल बनाने में संगठन के कई सक्रिय कार्यकर्ताओं, छात्र प्रतिनिधियों तथा महाविद्यालय के वरिष्ठ छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। :::

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!