घटना दुर्घटनालोकल न्यूज़

मुंगेर में गंगा नदी में बड़ा हादसा: पांच बच्चियों समेत छह की डूबने से मौत, एक किशोरी की तलाश जारी

मुंगेर, 24 जून 2026। सदर प्रखंड के महुली पंचायत स्थित श्यामपुर बकचपड़ा घाट एवं आदर्श ग्राम टीकारामपुर के गंगा घाट पर बुधवार सुबह स्नान के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में पांच बच्चियों सहित कुल छह लोगों की डूबने से मौत हो गई। वहीं एक किशोरी की तलाश अब भी जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह लगभग 8 बजे श्यामपुर बकचपड़ा घाट पर गंगा स्नान के दौरान पांच बच्चियां नदी की तेज धारा में बह गईं। इसी दौरान आदर्श ग्राम टीकारामपुर के चंडी घाट के समीप भी एक किशोर के डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए SDRF टीम, डीप डाइवर एवं स्थानीय गोताखोरों को घटनास्थल पर भेजा।
संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान के दौरान अब तक छह शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक किशोरी की खोजबीन लगातार जारी है।
मृतकों की पहचान
मृतकों में श्यामपुर बकचपड़ा निवासी क्रांति पासवान की पुत्रियां संगीता कुमारी (18 वर्ष), संध्या कुमारी (14 वर्ष) और सोनाली कुमारी (12 वर्ष) शामिल हैं। इसके अलावा हिना कुमारी (16 वर्ष), पिता चमकलाल पासवान, निवासी बकचपड़ा की भी डूबने से मौत हो गई।
टीकारामपुर निवासी पियुष कुमार पटेल (16 वर्ष), पिता सुबोध कुमार सिंह, की भी चंडी घाट के समीप डूबने से मृत्यु हो गई।
वहीं विनीता कुमारी (16 वर्ष), पिता क्रांति पासवान, निवासी बकचपड़ा, का अब तक पता नहीं चल सका है और उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
प्रशासन ने शुरू की अनुग्रह अनुदान की प्रक्रिया
जिला प्रशासन ने बताया कि सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है। पोस्टमार्टम एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतकों के निकटतम आश्रितों को आपदा राहत मद से प्रति मृतक चार लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन द्वारा लोगों से गंगा नदी में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!