स्वास्थ्य के लिए योग थीम पर मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, इंडोर स्टेडियम में हुआ सामूहिक योगाभ्यास

मुंगेर।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में किला परिसर स्थित इंडोर स्टेडियम में मुंगेर जिला प्रशासन एवं मुंगेर जिला योग संघ के संयुक्त तत्वावधान में “स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शांति पाठ के साथ हुई। इसके बाद मुंगेर जिला योग संघ के योग प्रशिक्षक अरविंद माधव एवं संघ के सहसचिव अजीत कुमार ने संयुक्त रूप से उपस्थित नागरिकों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने ताड़ासन, त्रियक ताड़ासन, कटि चक्रासन, तितली आसन, भ्रामरी प्राणायाम सहित कई अन्य योग एवं प्राणायाम क्रियाओं का अभ्यास किया।
इस अवसर पर जिला योग संघ के सहसचिव अजीत कुमार ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला योग संघ के योग प्रशिक्षक अरविंद माधव, सहसचिव अजीत कुमार, मीडिया प्रभारी प्रणव कुमार, गौतम सिंह, सत्यम कुमार, रोनित कुमार, सुमित कुमार, दर्शना प्रिया सहित मुंगेर नगर के दर्जनों नागरिक उपस्थित रहे और योगाभ्यास में भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।




