झारखंड कांग्रेस सेवा दल का प्रभारी बनने पर डॉ. प्रो. देवराज सुमन का भव्य अभिनंदन, कहा– जिम्मेदारी का करूंगा ईमानदारी से निर्वहन

मुंगेर, 12 जुलाई। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल का प्रभारी नियुक्त किए जाने पर रविवार को आईटीसी यूनियन, वासुदेवपुर (मुंगेर) सभागार में रोशन जहां एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी, मुंगेर की ओर से जेआरएस कॉलेज, जमालपुर के प्राचार्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. प्रो. देवराज सुमन के सम्मान में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीआरएम कॉलेज, मुंगेर के पूर्व प्राचार्य डॉ. मंसूर नियाजी ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं मशहूर शायर शकील अहमद ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रो. देवराज सुमन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राजद नेता प्रो. विनय कुमार सुमन उपस्थित रहे।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. मंसूर नियाजी ने कहा कि डॉ. देवराज सुमन एक कर्मठ, जुझारू एवं समर्पित कांग्रेस नेता हैं। उन्हें झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल का प्रभारी बनाया जाना संगठन के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में झारखंड में कांग्रेस सेवा दल नई ऊर्जा के साथ बेहतर प्रदर्शन करेगा।
विशिष्ट अतिथि प्रो. विनय कुमार सुमन ने कहा कि डॉ. देवराज सुमन ने शिक्षा के क्षेत्र में समाज के सभी वर्गों, विशेषकर अंतिम पंक्ति के विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कांग्रेस संगठन ने उन्हें जो भी दायित्व सौंपा, उसका उन्होंने सदैव पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस सेवा दल आगामी चुनावों में भी बेहतर भूमिका निभाएगा।
समारोह में संस्था की ओर से डॉ. देवराज सुमन का अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत से अभिभूत डॉ. देवराज सुमन ने अपने संबोधन में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल का जो महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। साथ ही रोशन जहां एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी, मुंगेर के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. एम. ए. जहांगीर, मंचासीन अतिथियों तथा उपस्थित सभी लोगों के प्रति आत्मीय स्वागत के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम को मॉडल उच्च विद्यालय, मुंगेर के पूर्व प्राचार्य अबू मोहम्मद, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता मोहम्मद जफर अहमद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामप्रवेश यादव, युवा राजद, मुंगेर के जिलाध्यक्ष मोहम्मद आसिफ वसीम, राजद अधिवक्ता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अनिल भूषण, ऐनुल हक सरदार, मदरसा इलाहिया के मौलाना मुशीर, कांग्रेस नेता अजीत मालाकार, पूर्व प्राचार्य अरविंद कुमार तथा जमालपुर राजद अध्यक्ष मोहम्मद कौसर फैयाज ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमाल अहमद, वार्ड पार्षद एवं राजद नेता मोहम्मद तनवीर, जिला राजद मुंगेर के पूर्व महासचिव सह पूर्व वार्ड पार्षद मोहम्मद सनी, अधिवक्ता राजा कुशवाहा, कांग्रेस नेता अरुण मंडल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रोता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में रोशन जहां एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी, मुंगेर के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. एम. ए. जहांगीर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समारोह की सफलता के लिए धन्यवाद दिया तथा कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की।




