प्रजापति समाज की एकजुटता बनी बदलाव की ताकत, सांसद व मंत्री के समक्ष रखीं समाज की प्रमुख मांगें

दरभंगा, 19 जुलाई। बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति, दरभंगा की ओर से रविवार को आयोजित सम्मान समारोह में प्रजापति समाज ने अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए वर्षों से लंबित मांगों को जनप्रतिनिधियों के समक्ष मजबूती से रखा। कार्यक्रम में माननीय सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर एवं बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री श्री मदन सहनी का पाग, शॉल, स्मृति-चिह्न तथा पारंपरिक माटी के मटके भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में समिति के जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी प्रखंड अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, महिला अध्यक्ष, महिला सचिव, महिला कोषाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान समाज की ओर से चार प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें दरभंगा के मदारपुर स्थित टेराकोटा भवन का शीघ्र पुनर्निर्माण, टेराकोटा भवन में छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास की व्यवस्था, बिहार सरकार द्वारा माटी कला बोर्ड का गठन तथा बहेड़ी प्रखंड के बिठौली गांव स्थित कुम्हड़ा चौक का नाम बदलकर “बंकर प्रजापति दक्ष चौक” किए जाने की मांग शामिल थी।
सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर एवं मंत्री मदन सहनी ने समाज की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें न्यायसंगत बताया और आश्वस्त किया कि इन मांगों को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने प्रजापति समाज की एकता की सराहना करते हुए कहा कि आजादी के बाद पहली बार समाज इतनी बड़ी संख्या में संगठित होकर अपनी बात रखने आया है। उन्होंने इसे समाज की जागरूकता, एकता और सकारात्मक सोच का प्रतीक बताते हुए सभी को बधाई दी।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि प्रजापति समाज के आत्मसम्मान, संगठन और अधिकारों की आवाज़ को बुलंद करने का ऐतिहासिक अवसर है। समाज के विकास, शिक्षा, रोजगार और माटी कला के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संगठित होकर निरंतर संघर्ष करने का संकल्प भी दोहराया गया।
कार्यक्रम का समापन “संगठन ही शक्ति है, और एकता ही समाज की सबसे बड़ी पहचान है” के संदेश के साथ हुआ।




