प्रशासनिक

राजकीय सम्मान के साथ होगा बीएसएफ जवान चंदन कुमार का अंतिम संस्कार, जिला प्रशासन ने की सभी तैयारियां

मुंगेर, 23 जुलाई 2026। पंजाब के फिरोजपुर स्थित ममदोत में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 99वीं वाहिनी के जवान स्वर्गीय चंदन कुमार के निधन पर मुंगेर जिला प्रशासन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। बीएसएफ मुख्यालय, 99वीं वाहिनी, ममदोत से प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार बीएसएफ प्रहरी संख्या 141005777 स्वर्गीय चंदन कुमार (पिता: ब्रजेश प्रसाद सिंह), ग्राम जबायद, पोस्ट पुरुषोत्तमपुर, थाना शामपुर, जिला मुंगेर का निधन 22 जुलाई 2026 को हो गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि वीर जवान के पार्थिव शरीर के पैतृक गांव पहुंचने पर पूरे राजकीय सम्मान एवं गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका अंतिम संस्कार कराया जाए। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, मुंगेर को गार्ड ऑफ ऑनर, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य सम्मानजनक औपचारिकताओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खड़गपुर को पार्थिव शरीर के आगमन के समय सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और अंतिम संस्कार की सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बीएसएफ अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने स्वर्गीय चंदन कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। प्रशासन ने कहा है कि वीर जवान को सर्वोच्च सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!