
मुंगेर। क्रांति दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने जिले में व्याप्त जन समस्याओं और विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मुंगेर रेलवे स्टेशन से जुलूस निकाला और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंचकर सरकार एवं जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “बिहार को अराजकता में झोंकने वाले मुख्यमंत्री इस्तीफा दो”, “बिहार में राष्ट्रपति शासन लागू करो”, “जनहित का हनन हुआ तो खून बहेगा सड़कों पर”, “जिला प्रशासन होश में आओ”, “जिले में बढ़ते अपराध और नशे के कारोबार पर रोक लगाओ” सहित कई नारे लगाए।
अधिकारियों को जन समस्याओं से कोई सरोकार नहीं : पप्पू यादव
सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि सत्ता की परिक्रमा करने वाले अधिकारी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक सिद्धांतों का गला घोंटने पर उतारू हैं। अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाहरणालय से लेकर अंचल कार्यालय तक भ्रष्टाचार का बोलबाला है और अधिकारी एवं कर्मचारी एक-दूसरे से अधिक लूटने की होड़ में शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि आम जनता वासगीत पर्चा, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की।
जिले के कार्यालय दलालों के कब्जे में : रविकांत झा
समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने आरोप लगाया कि जिले के कई सरकारी कार्यालय दलालों के कब्जे में हैं। उन्होंने सदर अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वहां कार्यरत कुछ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
उन्होंने कहा कि मुंगेर जिले का युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है, लेकिन नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। शासन-प्रशासन को इस दिशा में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह सदर बीडीओ विश्वजीत कुमार तिवारी एवं बरियारपुर बीडीओ विशाल आनंद के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों ने सपा नेताओं से वार्ता की। इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने अपर समाहर्ता (एडीएम) को राष्ट्रपति के नाम संबोधित 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बिहार में राष्ट्रपति शासन लागू करने, महंगाई पर नियंत्रण, सदर प्रखंड के भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा उपलब्ध कराने, किसानों को फसल क्षति का मुआवजा देने, गांधी टोला में सड़क निर्माण कराने, जिले में बढ़ते नशे के कारोबार एवं अपराध पर रोक लगाने, थानों की कथित जनविरोधी कार्यप्रणाली में सुधार करने तथा सदर अस्पताल की कुव्यवस्था दूर करने सहित अन्य मांगें शामिल थीं।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में सपा महासचिव मिथलेश यादव, अशोक भारत, सचिव नकुल यादव, गोपाल वर्मा, सुधीर यादव, प्रवक्ता गणेश पोद्दार, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, मुंगेर नगर अध्यक्ष मो. आजम, सदर प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर मंडल, मथुरी यादव, छड़पन मंडल, बच्चू राय चंद्रवंशी, गौरव यादव, सुधीर गुप्ता, सत्यजीत पासवान, दिनेश साहू, शिव यादव, डब्ल्यू यादव, वीरेंद्र दास, सुनील साह, संजय यादव, कालेश्वर महतो, राजीव यादव, शंभु शंकर, राज कुमार, चंदन साह, सदानंद शर्मा, बब्लू यादव, देवन यादव, लोरिक बिंद सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए।




