“सेवा भावना से समाज की सेवा करें, एसडीओ के रूप में हमेशा साथ खड़ा रहूंगा” : राजीव रोशन सेवानिवृत्त डॉ. अखिलेश कुमार एवं डॉ. बी.डी. सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों के सम्मान के साथ-साथ ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा, मरीजों के प्रति चिकित्सकों की जिम्मेदारी तथा सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।
हवेली खड़गपुर, मुंगेर। भारतीय ग्रामीण चिकित्सक संघ, शाखा हवेली खड़गपुर की ओर से शनिवार को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने वाले सेवानिवृत्त सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार एवं सेवानिवृत्त चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.डी. सिंह के सम्मान में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रोशन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दोनों वरिष्ठ चिकित्सकों के स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में लंबे योगदान को सम्मानित किया गया।

सही भावना से समाज की सेवा करें ग्रामीण चिकित्सक : एसडीओ
समारोह को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रोशन ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में ग्रामीण चिकित्सकों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। ग्रामीण चिकित्सकों की भावना समाजसेवा की होनी चाहिए। यदि वे सही भावना से समाज की सेवा करते हैं तो अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। इसके विपरीत यदि किसी की भावना केवल पैसा कमाना है तो प्रशासन भी उसके विरुद्ध खड़ा रहेगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण चिकित्सकों के पास समाज के ऐसे लोग पहुंचते हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर और गरीबी से जूझ रहे होते हैं। कोरोना संक्रमण के कठिन दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जब बड़े-बड़े चिकित्सकों के दरवाजे बंद थे और कई जगहों पर शटर गिरे हुए थे, उस समय ग्रामीण चिकित्सक कोरोना जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों की सेवा के लिए खड़े रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा को बनाए रखने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
एसडीओ ने ग्रामीण चिकित्सकों से अपील की कि वे मरीजों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसलिए जिन मरीजों को बेहतर अथवा विशेषज्ञ चिकित्सा की आवश्यकता हो, उन्हें समय पर अस्पताल भेजें, ताकि उन्हें उचित उपचार मिल सके।
सम्मानित चिकित्सकों ने जताया आभार
लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित सेवानिवृत्त सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार एवं सेवानिवृत्त चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.डी. सिंह ने भारतीय ग्रामीण चिकित्सक संघ के प्रति आभार व्यक्त किया। दोनों ने कहा कि संघ द्वारा उनके लंबे सेवाकाल को याद करते हुए सम्मानित किया जाना उनके लिए गौरव की बात है।
उन्होंने ग्रामीण चिकित्सकों से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा मार्गदर्शन की आवश्यकता होने पर वे उनसे सहयोग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकारी अस्पतालों में भी स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में गंभीर अथवा जरूरतमंद मरीजों को समय पर अस्पताल भेजना ग्रामीण चिकित्सकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
पुष्पगुच्छ एवं तिरंगा अंगवस्त्र से हुआ स्वागत
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रोशन का भारतीय ग्रामीण चिकित्सक संघ शाखा हवेली खड़गपुर के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार व सचिव रजी आलम ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं तिरंगा अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया। इसके बाद एसडीओ राजीव रोशन ने भी कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीण चिकित्सकों को तिरंगा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
भारतीय ग्रामीण चिकित्सक संघ शाखा हवेली खड़गपुर की ओर से स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने के लिए सेवानिवृत्त सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार एवं सेवानिवृत्त चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.डी. सिंह को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं जिला शाखा की ओर से भी दोनों वरिष्ठ चिकित्सकों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रोशन, सम्मानित चिकित्सक डॉ. बी.डी. सिंह, डॉ. अखिलेश कुमार, मुंगेर चैंबर ऑफ कॉमर्स शाखा हवेली खड़गपुर के अध्यक्ष अंजनी ठाकुर, भारतीय ग्रामीण चिकित्सक संघ के जिला सचिव ए.के. साबरी, शाखा अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार, उपाध्यक्ष वशिष्ठ उर्फ बासु जी एवं शाखा सचिव रजी आलम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए शाखा अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार ने सभी अतिथियों का अभिनंदन एवं स्वागत किया। उन्होंने संघ की गतिविधियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने में ग्रामीण चिकित्सकों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
मौके पर जिला उपाध्यक्ष राव वीरेंद्र सिंह रंजन एवं शाखा के सम्मानित सदस्य पुरुषोत्तम शास्त्री ने अपनी मधुर आवाज में राष्ट्रगीत एवं अन्य प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।
सचिव रजी आलम ने किया धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम के अंत में भारतीय ग्रामीण चिकित्सक संघ शाखा हवेली खड़गपुर के सचिव रजी आलम ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रोशन, सम्मानित वरिष्ठ चिकित्सकों, अतिथियों, संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सभी ग्रामीण चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ चिकित्सकों का सम्मान नई पीढ़ी के चिकित्सकों एवं ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणादायक है।
समारोह में चैंबर ऑफ कॉमर्स शाखा हवेली खड़गपुर के अध्यक्ष अंजनी ठाकुर, कोषाध्यक्ष रौनक सिंघानिया, जिला उपाध्यक्ष राव वीरेंद्र सिंह रंजन, मनोज कुमार, कौशल कुमार, दयानंद निराला, अजीत कुमार, भोला, जितेंद्र कुमार, अरुण कुमार, स्वदेश कुमार गुप्ता, वामदेव कुमार, अभिजीत कुमार, जानू, रुपेश रंजन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण चिकित्सक एवं अन्य अतिथि उपस्थित थे।
समारोह के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों के सम्मान के साथ-साथ ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा, मरीजों के प्रति चिकित्सकों की जिम्मेदारी तथा सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।




