
डॉ. सुरेश कुमार, पत्रकार | डिजिटल दर्पण न्यूज़
मुंगेर, 19 अगस्त 2026। हवेली खड़गपुर अनुमंडल क्षेत्र के लोगों को शीघ्र स्थानीय स्तर पर न्यायिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। अनुमंडल न्यायालय को जल्द प्रारम्भ करने के उद्देश्य से बुधवार को मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर एवं माननीय प्रधान न्यायाधीश ने हवेली खड़गपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान न्यायालय के सुचारू संचालन के लिए उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं, कार्यालय कक्षों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया गया। विचार-विमर्श के बाद अनुमंडल कार्यालय भवन के भूतल पर अनुमंडल न्यायालय एवं न्यायालय से संबंधित कार्यालयों का संचालन किए जाने पर सहमति बनी।
इस व्यवस्था से न्यायालय के शीघ्र संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही, हवेली खड़गपुर अनुमंडल एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को न्यायिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही न्यायिक सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
विधिज्ञ परिसर के लिए भी हुआ स्थल निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान विधिज्ञ परिसर के लिए संभावित स्थल का भी जायजा लिया गया। विचार-विमर्श के बाद वर्तमान में विधिज्ञ परिसर को उसके निर्धारित स्थल पर ही संचालित रखने का निर्णय लिया गया। न्यायालय एवं विधिज्ञ परिसर से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को न्यायालय संचालन से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने तथा उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने कहा कि माननीय प्रधान न्यायाधीश के साथ अनुमंडल न्यायालय के लिए स्थल का निरीक्षण किया गया है। न्यायालय संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को शीघ्र पूरा कर जल्द ही हवेली खड़गपुर में अनुमंडल न्यायालय की सेवा प्रारम्भ करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य न्यायिक सेवाओं सहित सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं जनोपयोगी सेवाओं को आमजन के लिए अधिक सुलभ, सुगम एवं प्रभावी बनाना है।
अनुमंडल न्यायालय के प्रारम्भ होने से हवेली खड़गपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर न्यायिक सेवा का महत्वपूर्ण लाभ मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के अवसर पर पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित संबंधित न्यायिक एवं प्रशासनिक पदाधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
डिजिटल दर्पण न्यूज़




