जनता दरबार में डीएम ने सुनीं 21 लोगों की समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

मुंगेर, 19 जून 2026। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित साप्ताहिक “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान कुल 21 आवेदकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में राशन कार्ड, अतिक्रमण, भूमि विवाद तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। तारापुर के माणिकपुर निवासी अनुज सिंह ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत करते हुए उसे अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की। वहीं लालदरवाजा गंगा नगर निवासी बच्चू राम ने बंद पड़े राशन कार्ड को पुनः चालू कराने का अनुरोध किया।
संग्रामपुर के ददरीजाला निवासी बीरेंद्र दास ने स्वयं को निःशक्त बताते हुए अब तक निःशक्तता पेंशन का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। चंदनबाग निवासी प्रकाश पोद्दार ने पड़ोसियों द्वारा उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की शिकायत दर्ज कराई।
सभी मामलों को सुनने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनता दरबार में प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी समयबद्ध जांच कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को समय पर न्याय एवं राहत मिल सके।




