भिंडी के खेत में मिला युवक का शव, वज्रपात से मौत की आशंका

बरियारपुर (मुंगेर), 7 जून: मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत कल्याण टोला वार्ड संख्या-7 में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति का शव भिंडी के खेत में बरामद किया गया। मृतक की पहचान कल्याण टोला निवासी विजय सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय सिंह शुक्रवार की दोपहर लगभग 3 बजे घर से घास काटने के लिए निकले थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बावजूद रात तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
मृतक की पत्नी पनकी देवी ने बताया कि पूरी रात परिवार के लोग उनकी खोज करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार की सुबह खेत की ओर खोजबीन के दौरान उनका चप्पल और झोला मिला, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में तलाश तेज की गई। इसी दौरान भिंडी के खेत में विजय सिंह का शव पड़ा हुआ मिला।
शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने पर बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला वज्रपात (आकाशीय बिजली) से मौत का प्रतीत हो रहा है। मृतक के नाक, आंख और कान से खून निकल रहा था, जिसके आधार पर वज्रपात की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
विजय सिंह अपने पीछे पत्नी समेत छह बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है तथा ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।




