राजनीतिलोकल न्यूज़

संपूर्ण क्रांति दिवस पर समाजवादी पार्टी का सामूहिक उपवास, मुख्यमंत्री की बर्खास्तगी और राष्ट्रपति शासन की मांग

मुंगेर, 5 जून। संपूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला अध्यक्ष पप्पू यादव के नेतृत्व में जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर एक दिवसीय सामूहिक उपवास कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध तथा राज्य में कथित जातीय तनाव के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन पार्टी प्रवक्ता गणेश पोद्दार ने किया।
उपवास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिला अध्यक्ष पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री को बर्खास्त कर बिहार में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश, राज्य और जिले में व्याप्त अराजकता से स्पष्ट है कि आम जनता भाजपा के “अघोषित आपातकाल” की चपेट में है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि, सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार, बढ़ता अपराध और पुलिसिया जुल्म से जनता परेशान है। साथ ही मुख्यमंत्री की कथित अमर्यादित टिप्पणियों के माध्यम से राज्य में जातीय संघर्ष फैलाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा-जदयू सरकार जातीय एवं धार्मिक उन्माद फैलाकर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है, जिसके खिलाफ जनता को एक और संपूर्ण क्रांति के लिए तैयार रहना होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन कर संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्ज में डूबी सरकार केवल घोषणाओं के माध्यम से विकास का भ्रम पैदा कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता अब भी नहीं चेती तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
वहीं पार्टी प्रवक्ता गणेश पोद्दार, मुंगेर अध्यक्ष मो. आजम, महासचिव मिथलेश यादव तथा जमालपुर इकाई के उपाध्यक्ष डॉ. सुधीर गुप्ता ने संयुक्त रूप से कहा कि जो सरकार बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा तथा वृद्धा, विधवा एवं विकलांग पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में असमर्थ है, उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में अपराध चरम पर है और विभिन्न विभागों में खुलेआम लूट-खसोट का माहौल बना हुआ है।
कार्यक्रम के उपरांत पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम जिला पदाधिकारी को 12 सूत्री मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र में मुख्यमंत्री की बर्खास्तगी एवं बिहार में राष्ट्रपति शासन लागू करने, बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि पर रोक लगाने, बढ़ते अपराध और पुलिसिया जुल्म पर नियंत्रण, किसानों को मुआवजा देने, जमालपुर नगर परिषद एवं रेलवे की मिलीभगत से कथित रूप से हो रहे एस्टीमेट घोटाले की जांच कराने, गांधी टोला को मुख्य सड़क से जोड़ने, वृद्धा, विधवा एवं विकलांग पेंशन की व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा विद्युत आपूर्ति में सुधार करने की मांग शामिल है।
उपवास कार्यक्रम में उपाध्यक्ष रामनाथ राय, सचिव नकुल यादव, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, बरियारपुर अध्यक्ष देवेंद्र यादव, गोपाल वर्मा, छड़पन मंडल, सत्यजीत पासवान, राजीव यादव, कालेश्वर महतो, मनीष यादव, वीरेंद्र दास, सुनील साह, राजीव पटवा, चंदन साह, अशोक शर्मा, शिव यादव, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!