क्राइम

धरहरा में जातीय उन्माद फैलाने की साजिश का आरोप, तीन दिनों में गिरफ्तारी नहीं हुई तो देंगे सामूहिक गिरफ्तारी

धरहरा (मुंगेर), 22 जून: धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथपुर गांव में वायरल वीडियो प्रकरण को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष पप्पू यादव एवं जन सुराज के नेता राकेश गोप ने सोमवार को दशरथपुर के सुंदरडीह गांव पहुंचकर पीड़ित दिलखुश के परिजनों से मुलाकात की और मामले की जानकारी ली।
नेताओं ने आरोप लगाया कि दिलखुश की कथित निर्ममतापूर्वक पिटाई के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होना कई सवालों को जन्म दे रहा है। उन्होंने कहा कि शराब बेचने और पिलाने से जुड़े इस मामले को कुछ लोग जानबूझकर जातीय रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र का सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।


पप्पू यादव और राकेश गोप ने पुलिस प्रशासन पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि दिलखुश की पिटाई के बाद उसकी गिरफ्तारी तथा समुचित इलाज कराए बिना जेल भेजे जाने से संदेह की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो कुछ लोग थाने में बैठकर पूरे प्रकरण की पटकथा तैयार कर रहे हों और क्षेत्र में जातीय उन्माद फैलाने का प्रयास कर रहे हों।


नेताओं ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन से मांग की कि तीन दिनों के भीतर मामले में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने समर्थकों के साथ धरहरा थाना पहुंचकर सामूहिक गिरफ्तारी देंगे और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करेंगे।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं समर्थकों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!