आन्दोलनराजस्थान

“जमालपुर में सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में तिरंगा लेकर गूंजे विरोध के नारे”

विपक्षी दलों, सामाजिक, महिला, छात्र एवं व्यावसायिक संगठनों ने निकाला संयुक्त प्रोटेस्ट मार्च, अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष सभा कर सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश।

जमालपुर (मुंगेर)। दिल्ली के जंतर-मंतर और पटना के डाकबंगला चौराहा पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को जमालपुर शहर में विभिन्न विपक्षी दलों, सामाजिक, व्यावसायिक, महिला एवं छात्र संगठनों के संयुक्त नेतृत्व में विशाल प्रोटेस्ट मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा, तख्तियां और महापुरुषों की तस्वीरें लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रोटेस्ट मार्च शहर के व्यावसायिक केंद्र बराट चौक से शुरू होकर स्टेशन मोड़, जुबली वेल, अवंतिका मोड़, शनि मंदिर, सदर फाड़ी, जनता मोड़, भारत माता चौक होते हुए 6 नंबर गेट स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचा, जहां सभा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी”, “निर्दोष छात्रों पर लाठी चलाना बंद करो”, “जब-जब सत्ता जुल्म करेगी, चप्पा-चप्पा गूंजेगा इंकलाब के नारों से” सहित कई नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और इस तरह की घटनाएं अस्वीकार्य हैं।
आयोजकों ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने का हर प्रयास लोकतंत्र को कमजोर करता है। उन्होंने मांग की कि छात्र आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
इस प्रोटेस्ट मार्च में कांग्रेस नगर अध्यक्ष साईं शंकर, राजद नगर अध्यक्ष बमबम यादव, आईआईपी युवा जिला अध्यक्ष मयंक राज उर्फ छोटू, कामरेड मुरारी प्रसाद, एसयूसीआई प्रखंड अध्यक्ष सकिचन मंडल, प्रमोद कुमार, डीवाईओ के विकास कुमार, सपा प्रदेश महासचिव रविकांत झा, सपा मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, ऑल इंडिया अप्रेंटिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदन पासवान, महिला संस्कृति संगठन की रेणु, अंजलि, राजेश्री कुमारी, विभा देवी, कुमारी शांभवी, केंद्रीय विसर्जन समिति के अध्यक्ष बबलू पासवान सहित भवेश चौधरी, मोहम्मद मौकीम, मोहम्मद बरकत कुरैशी, मास्टर मनोज यादव, सिद्धेश्वर नाथ विश्वकर्मा, अरविंद कुमार, नागेश्वर, विनय यादव, भागीरथ यादव, भरत कुमार, चंदन तांती, मोहम्मद वसीम रजा, शरद चंद्र राय, विजय तांती, सौरभ जायसवाल, रोशन गुप्ता, अवधेश कुमार, जितेंद्र कुमार, राजीव कुमार, अमृत प्रभात कुमार, पंकज कुमार, प्रेम कुमार, अभिषेक कुमार, ऋषभ कुमार, अमित कुमार, सागर कुमार समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और अंत में उपस्थित लोगों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को आगे भी उठाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!