मांगें पूरी नहीं हुईं तो 3 जुलाई को राज्यपाल के समक्ष होगा काला झंडा प्रदर्शन: SSAI

मुंगेर, 29 जून।
छात्र संगठन SSAI ने विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। संगठन के विश्वविद्यालय अध्यक्ष श्रवण कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों की लंबे समय से लंबित जायज मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो आगामी 3 जुलाई को राज्यपाल के विश्वविद्यालय आगमन के दौरान छात्र पुरजोर विरोध प्रदर्शन करेंगे तथा काला झंडा दिखाकर अपना आक्रोश व्यक्त करेंगे।
श्रवण कुमार के नेतृत्व में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि छात्रों की समस्याओं की लगातार अनदेखी के विरोध में अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। संगठन का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रहा है, जिससे छात्र-छात्राओं में भारी असंतोष व्याप्त है।
विश्वविद्यालय अध्यक्ष श्रवण कुमार ने कहा, “हम लंबे समय से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें प्रशासन के समक्ष रखते रहे हैं, लेकिन हमारी आवाज को दबाया जा रहा है। अब छात्र चुप नहीं बैठेंगे। 3 जुलाई को महामहिम राज्यपाल के आगमन पर होने वाला विरोध प्रदर्शन इस बात का प्रमाण होगा कि छात्र शक्ति को नजरअंदाज करना प्रशासन को कितना भारी पड़ सकता है। इस आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।”
संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक छात्रों की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
अंत में SSAI ने विश्वविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों की इस लड़ाई में 3 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाएं।


