चेहल्लुम 2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की तैयारी तेज, ड्रोन से होगी जुलूस की निगरानी

मुंगेर, 29 जुलाई। चेहल्लुम-2026 पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय स्थित संग्रहालय सभागार में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक आनंद सहित शांति समिति एवं पहलाम समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मुंगेर अपनी गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द के लिए पूरे राज्य में जाना जाता है। यहां सभी धर्मों के पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और सहयोग से शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि जिला एवं पुलिस प्रशासन के साथ शांति समिति और पहलाम समिति का सहयोग हर वर्ष सराहनीय रहा है और इस बार भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि चेहल्लुम पर्व की शुरुआत 2 अगस्त की रात से होगी तथा 5 अगस्त को पहलाम के साथ इसका समापन होगा। पर्व के दौरान संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। कौड़ा मैदान स्थित गढ़ैया मार्केट से निकलने वाला ताजिया जुलूस निर्धारित मार्ग से शहर का भ्रमण करेगा, जिसकी निगरानी वीडियोग्राफी के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से भी की जाएगी।
उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह की जानकारी मिले तो तत्काल जिला या पुलिस प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में सड़क, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े सुझावों पर भी चर्चा की गई तथा उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का आश्वासन दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने कहा कि मुंगेर की सबसे बड़ी विशेषता यहां के नागरिकों का सामाजिक सौहार्द और प्रशासन के प्रति सहयोग है। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख चौक-चौराहों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के पास बैरिकेडिंग कर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास न कर सके।
बैठक में प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे की परंपरा को बनाए रखने, अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। जिला एवं पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि चेहल्लुम-2026 को पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।




