साईं शंकर लगातार तीसरी बार बने जमालपुर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष

भागलपुर में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन पर मिली संगठन की जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं में खुशी
जमालपुर। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग द्वारा 7 एवं 8 अगस्त को भागलपुर में दो दिवसीय प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बिहार के आठ जिलों के प्रखंड अध्यक्षों को संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और चुनावी रणनीति सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम एवं राष्ट्रीय सचिव सह बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने सभी प्रखंड अध्यक्षों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसी कार्यक्रम के दौरान साईं शंकर को लगातार तीसरी बार जमालपुर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
साईं शंकर के पुनः अध्यक्ष बनाए जाने की खबर से जमालपुर शहर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के प्रति उनके कार्य और नेतृत्व क्षमता पर विश्वास की अभिव्यक्ति बताया।
उनके पुनर्नियुक्त होने पर डॉ. दिनेश प्रसाद, अधिवक्ता अरुण देव सहाय, मास्टर अरुण मंडल, पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र नारायण सिंह, सिद्धेश्वर नाथ विश्वकर्मा, कमलेश्वरी मंडल, राजकुमार रजक, चंदन कुमार, अरविंद कुमार सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि साईं शंकर के नेतृत्व में जमालपुर शहर में कांग्रेस संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर पर विस्तार मिलेगा।




