जनता के दरबार में डीएम ने सुनीं 30 आवेदकों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश

मुंगेर, 21 अगस्त 2026। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने आमजनों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार शीघ्र एवं उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनसुनवाई के दौरान कुल 30 आवेदकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जमालपुर मूंगरौड़ा निवासी रविंद्र यादव ने अपने भाई पर उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर दीवार एवं छज्जा बनाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं, गनैली हरपुर निवासी सुलैना देवी ने अपने पुत्र की मृत्यु के बाद मिलने वाली आपदा सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की।
नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 32 एवं 33 के निवासियों ने हर घर नल का जल योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया। जमालपुर इंद्ररुख पूर्वी निवासी ज्योत्स्ना देवी ने अपने बड़े बेटे एवं बहू पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। वहीं, एएनएम रेणु कुमारी ने नौलखा, जमालपुर से पुनः धरहरा एचडब्ल्यूसी में स्थानांतरण कराने का अनुरोध जिलाधिकारी के समक्ष रखा।
जनता दरबार में इन मामलों के अलावा जमीन विवाद, सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, अतिक्रमण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए समयबद्ध तरीके से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए आवेदकों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करें।
डॉ. सुरेश कुमार, पत्रकार
डिजिटल दर्पण न्यूज़




