लोकल न्यूज़
पुलिस अधीक्षक ने शामपुर व तारापुर थाना का किया वार्षिक निरीक्षण, कार्यप्रणाली की समीक्षा,
Kharagpur/Tarapur News : Dr Suresh Kumar

जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के द्वारा शामपुर एवं तारापुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की प्रशासनिक एवं परिचालन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
शामपुर थाना निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने डायल-112 की कार्यप्रणाली, सीसीटीएनएस प्रणाली तथा थाना में उपलब्ध वाहनों की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने त्वरित पुलिस सेवा, समयबद्ध प्रतिक्रिया और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा तारापुर थाना का भी वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना के विभिन्न पंजी एवं अभिलेखों का गहन अवलोकन किया गया। सिरिस्ता कार्य एवं अभिलेखों का रख-रखाव संतोषजनक पाया गया। उन्होंने सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों, जैसे एफआईआर एवं थाना दैनिकी की रियल टाइम इंट्री की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण में डायल-112 की कार्यप्रणाली, थाना वाहनों की गुणवत्ता, महिला हेल्प डेस्क के 24×7 क्रियान्वयन, आगंतुक पंजी का संधारण तथा सभी आवेदनों पर पावती रसीद दिए जाने संबंधी बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा अनुसंधान नियंत्रण एवं लंबित कांडों की अनुसंधानकर्ता-वार समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु थानाध्यक्ष एवं अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई और जनता के प्रति संवेदनशीलता प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि आम लोगों का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।




