Uncategorized
जूनियर एशियाई एथलेटिक्स में कांस्य पदक विजेता पीयूष राज को मुख्यमंत्री ने 9 लाख रुपये देकर किया सम्मानित, सरकारी नौकरी देने की घोषणा

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास पर आयोजित एक समारोह में 22वीं जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करने वाले युवा खिलाड़ी को 9 लाख रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए बिहार सरकार में शीघ्र ही सरकारी सेवा में नियुक्ति देने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पीयूष राज की यह ऐतिहासिक उपलब्धि बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सफलता से राज्य के अन्य खिलाड़ी भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे। मुख्यमंत्री ने पीयूष राज को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में चीन में आयोजित 22वीं जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 4×400 मीटर रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले पीयूष राज बिहार के पहले खिलाड़ी बने हैं जिन्होंने इस प्रतियोगिता में राज्य को पदक दिलाने का गौरव हासिल किया है।
पीयूष राज की इस उपलब्धि से पूरे बिहार में खुशी का माहौल है और खेल जगत में इसे राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।



