Uncategorized
प्रजापति समाज के नवनिर्वाचित एमएलसी के सम्मान में 12 जुलाई को पटना में भव्य समारोह

बिहार के प्रजापति (कुम्हार) समाज द्वारा समाज के नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) शीला पंडित एवं शिवरानी देवी प्रजापति के सम्मान में आगामी 12 जुलाई 2026 (रविवार) को पटना स्थित श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में प्रजापति समाज के प्रदेश अध्यक्ष ई. रूपेश कुमार पंडित ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा निशांत कुमार एवं वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मंत्री प्रेम कुमार की उपस्थिति भी सुनिश्चित हो चुकी है। साथ ही राज्य सरकार के कई अन्य मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह अवसर प्रजापति समाज के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण है, जिसका समाज लंबे समय से इंतजार कर रहा था। उन्होंने बिहार के सभी जिलों से समाज के लोगों, युवाओं, महिलाओं एवं पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि इस सम्मान समारोह को “प्रजापति महापर्व” का स्वरूप देकर समाज की एकजुटता और संगठन शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। उनका मानना है कि समाज की व्यापक भागीदारी और एकता से भविष्य में माटी कला बोर्ड के गठन तथा मंत्रिमंडल में समाज की भागीदारी जैसी मांगों को भी बल मिलेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे 12 जुलाई को अपने दैनिक कार्यों से समय निकालकर पटना पहुंचें और समाज की एकता एवं सम्मान के इस महाआयोजन को सफल बनाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूरे बिहार से बड़ी संख्या में समाज के लोग इस समारोह में शामिल होकर इतिहास रचेंगे।




