क्राइमलोकल न्यूज़

सिपाही भर्ती परीक्षा घोटाला: तारापुर अनुमंडल से छह युवक गिरफ्तार, जांच के लिए पटना भेजे गए आरोपी

तारापुर, मुंगेर। बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित फर्जीवाड़ा एवं जालसाजी के मामले में तारापुर अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर पटना के सचिवालय थाना कांड संख्या 160/25 और गर्दनीबाग थाना कांड संख्या 76/25 के अनुसंधान के क्रम में की गई।
तारापुर एसडीपीओ कुमार देवेंद्र ने बताया कि पटना पुलिस के अनुरोध पर संग्रामपुर, हरपुर और तारापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ददरीजाला निवासी सन्नू कुमार, हरपुर थाना क्षेत्र के बलराम कुमार एवं मिथुन कुमार, तारापुर थाना क्षेत्र के काजीचक मिल्की निवासी राहुल कुमार, मोहंगंज निवासी सुभाष पासवान तथा महापुर निवासी रामजीवन कुमार तांती शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सिपाही भर्ती परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने और अवैध तरीके से चयन सुनिश्चित कराने जैसे आरोपों की जांच की जा रही है। मामले के तार कई जिलों से जुड़े होने की आशंका के मद्देनजर जांच का दायरा बढ़ाया गया है।
छापेमारी अभियान में संग्रामपुर थानाध्यक्ष विनोद झा, हरपुर थानाध्यक्ष सत्यम कुमार, अपर थानाध्यक्ष सुबंता कुमारी, दरोगा अनिल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। गिरफ्तार सभी आरोपियों को बुधवार शाम सचिवालय और गर्दनीबाग थाना पुलिस अपने साथ पटना ले गई, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भर्ती परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और फर्जीवाड़े के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए गहन जांच जारी है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!