नीट (यूजी)-2026 को कदाचारमुक्त कराने की तैयारी पूरी, डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण

मुंगेर, 20 जून 2026: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी)-2026 को जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नीट (यूजी) देश की एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील परीक्षा है, इसलिए इसकी निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने तथा कदाचार रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था स्थापित करने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती, केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान केंद्र परिसर एवं उसके आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, ओआरएस, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सहायता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। केंद्राधीक्षकों को परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने को कहा गया। साथ ही बिना फ्रिस्किंग किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं देने तथा मुख्य द्वार पर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही होगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। समय पर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लगातार माइकिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैद्यनाथ बालिका उच्च विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, नियंत्रण कक्ष, जैमर, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्राधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संचालन के दौरान निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने केंद्र परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा एवं अभ्यर्थियों के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सतर्क निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के निष्पक्ष एवं सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।




