कला संस्कृति

जिलाधिकारी ने किया युवा उत्सव का उद्घाटन, विभिन्न विधाओं में युवा कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा

कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को प्रेक्षागृह में जिलास्तरीय युवा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जबकि इससे पूर्व प्रतिभागियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उत्साह से भर दिया।

जिलाधिकारी ने सभी कलाकारों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा उत्सव प्रतिभाओं को निखारने और मंच देने का सशक्त माध्यम है। जीत और हार को खेल का हिस्सा बताते हुए उन्होंने सभी प्रतिभागियों से पूरे मनोयोग से अपनी कला प्रस्तुत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कई बार हारने वाले भी अपने दृढ़ निश्चय और निरंतर अभ्यास के कारण भविष्य में विजेता बन जाते हैं, इसलिए हर प्रतियोगिता को सकारात्मक दृष्टिकोण से लें और अपनी पहचान राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर बनाएं।

इस अवसर पर नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी पंकज कुमार गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार अलबेला, जिला शिक्षा पदाधिकारी कुणाल गौरव, जिला जन संपर्क पदाधिकारी राघवेंद्र कुमार दीपक सहित कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।

युवा उत्सव के दौरान समूह लोक नृत्य, चित्रकला, कहानी एवं कविता लेखन, वक्तृता, समूह लोक गायन, विज्ञान प्रदर्शनी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी विधाओं में मनमोहक प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

कार्यक्रम के अंत में विजयी प्रतिभागियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!