लोकल न्यूज़
अनुमंडलीय अस्पताल में ‘दीदी की रसोई’ का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष,

जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर द्वारा हवेली खड़गपुर अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में संचालित ‘दीदी की रसोई’ का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने रसोई की समस्त व्यवस्थाओं, भोजन की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई का गहन निरीक्षण किया तथा स्वयं भोजन कर उसकी गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे तथा भोजन उपरांत विधिवत बिल का भुगतान भी किया।

जिलाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मी ‘दीदी की रसोई’ में भोजन करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अनिवार्य रूप से बिल का भुगतान करें। उन्होंने इसे सरकारी व्यवस्था बताते हुए पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जीविका दीदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जीविका दीदियों द्वारा रखी गई समस्याओं पर जिलाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘दीदी की रसोई’ से अनुमंडलीय अस्पताल के पदाधिकारी, कर्मी, मरीजों एवं उनके परिजनों को निश्चित रूप से लाभ मिल रहा है। उन्होंने रसोई में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन को स्वच्छ, शुद्ध एवं अत्यंत ही अल्प दर पर आमजन के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने संध्याकालीन स्नैक्स की गुणवत्ता एवं स्वाद का भी अवलोकन किया और इसे स्वच्छता के साथ स्वाद में भी उत्तम बताया।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने रसोई की संधारित संचिकाओं का अवलोकन किया, जिसे उन्होंने संतोषप्रद पाया। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से ‘दीदी की रसोई’ का लाभ उठाने की अपील की।
मौके पर सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी खड़गपुर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




