निश्चय राय बने राजस्व अधिकारी, मुंगेर में खुशी की लहर

मुंगेर। जिले के कंकरघाट रोड स्थित लल्लू पोखर निवासी प्रतिभाशाली युवा निश्चय राय के राजस्व अधिकारी पद पर चयन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है। उनके इस उल्लेखनीय सफलता पर परिजनों, शुभचिंतकों, शिक्षकों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

निश्चय राय अधिवक्ता धनंजय प्रसाद राय के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुंगेर के प्रतिष्ठित डीएवी पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सरस्वती विद्या मंदिर प्लस-2, मुंगेर से उच्च माध्यमिक शिक्षा पूरी की। बचपन से ही मेधावी एवं अनुशासित छात्र रहे निश्चय ने आगे की पढ़ाई में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
शिक्षा के दौरान ही उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह सफलता हासिल की और राजस्व अधिकारी के पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे मुंगेर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
निश्चय राय का परिवार भी शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है। उनके बड़े भाई अभिषेक कुमार राय सिंचाई विभाग में कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं, जबकि दूसरे भाई नमन कुमार राय विद्युत विभाग में सहायक अभियंता हैं। परिवार के सभी सदस्यों की उपलब्धियों ने क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
निश्चय राय की इस सफलता पर उनके शिक्षकों ने कहा कि वे छात्र जीवन से ही मेहनती, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं। विद्यालय के शिक्षकों ने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करेंगे तथा आम जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।
राजस्व अधिकारी बनने की सूचना मिलते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य विनोद कुमार सिंह, उनके फूफा सोमनाथ सिंह, शंभू सिंह राय (पूर्व सीओ), अरुण यादव (मुखिया), श्रीनिवास राय (पूर्व मुखिया), रामरेखा सिंह (अधिवक्ता) तथा डॉ. सुनील कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
बधाई देने वालों ने कहा कि निश्चय राय की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसके लिए निरंतर मेहनत की जाए तो किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने कार्यकाल में जनता की सेवा और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
निश्चय राय की इस उपलब्धि से मुंगेर जिले में हर्ष का वातावरण है तथा विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और बौद्धिक संगठनों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।




