बरियारपुर में अवैध हथियार के साथ तीन अभियुक्त गिरफ्तार, देशी कट्टा व कारतूस बरामद

मुंगेर, 26 जून। बरियारपुर थाना पुलिस ने फायरिंग के प्रयास से जुड़े एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के घर से एक अवैध देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस एवं तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, विजयनगर निवासी देवराज कुमार ने 24 जून को बरियारपुर थाना में लिखित आवेदन देकर बताया था कि 22 जून की रात बाजार से घर लौटने के दौरान सोनू कुमार एवं उसके सहयोगियों ने उन पर फायरिंग करने का प्रयास किया। हालांकि किसी कारणवश गोली नहीं चल सकी।
प्राथमिक जांच के बाद बरियारपुर थाना कांड संख्या 100/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत अनुसंधान शुरू किया गया।
25 जून को पुलिस को सूचना मिली कि नामजद अभियुक्त सोनू कुमार अपने घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई एवं थाना सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने विजयनगर में छापेमारी की। इस दौरान सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के घर की तलाशी में एक अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। पूछताछ में सोनू कुमार की निशानदेही पर मामले में संलिप्त दो अन्य अभियुक्तों राजकुमार (निवासी छोटी हरिदासपुर, नाथनगर, भागलपुर) तथा संकित कुमार (निवासी ममलखा, सबौर, भागलपुर) को भी उनके घरों से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले की जांच जारी है तथा घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
सोनू कुमार, निवासी विजयनगर, थाना बरियारपुर, जिला मुंगेर।
राजकुमार, निवासी छोटी हरिदासपुर, थाना नाथनगर, जिला भागलपुर।
संकित कुमार, निवासी ममलखा, थाना सबौर, जिला भागलपुर।
बरामद सामान
01 अवैध देशी कट्टा
02 जिंदा कारतूस
03 मोबाइल फोन
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार
पुलिस अवर निरीक्षक रामू कुमार
जिला आसूचना इकाई, मुंगेर
थाना सशस्त्र बल
पुलिस ने कहा है कि अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




