हवेली खड़गपुर झील कांड में हत्या की प्राथमिकी दर्ज, एक आरोपित गिरफ्तार,

हवेली खड़गपुर झील से शनिवार की शाम मिले सुमन कुमार के शव मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के छोटे भाई अमन कुमार के आवेदन पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। इसी क्रम में पुलिस ने एक आरोपित प्रभाकर कुमार को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक सुमन कुमार, मोहनपुर निवासी संजय शर्मा का पुत्र था। आवेदन में अमन कुमार ने बताया कि 18 नवंबर को कर्णगढ़ निवासी गणेश कुमार सिंह का पुत्र प्रभाकर कुमार, रायपुरा के नकुल पंडित का पुत्र बिपिन पंडित, पोलो पंडित का पुत्र राजा बिहारी, किशोरी पंडित का पुत्र रौशन कुमार और गंगटा निवासी संजय साह का पुत्र प्रिंस कुमार दो मोटरसाइकिल पर उसके भाई को एक षड्यंत्र के तहत पश्चिम दिशा की ओर लेकर गए थे।
ग्रामीणों ने भी सुमन को उक्त युवकों के साथ जाते हुए देखने की पुष्टि की है। रातभर खोजबीन के बावजूद सुमन का कोई पता नहीं चला। अमन कुमार के अनुसार जब उन्होंने आरोपितों से पूछताछ की तो उन्होंने जानकारी देने से साफ इंकार कर दिया।
22 नवंबर को ग्रामीणों को सूचना मिली कि सुमन का शव हवेली खड़गपुर झील में पड़ा है। अमन कुमार ने आरोप लगाया कि कारोबार में विवाद के कारण पांचों युवकों ने उसके बड़े भाई की घातक हथियार और भारी पत्थर से हत्या कर शव झील में फेंक दिया।
हवेली खड़गपुर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के भाई के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एक नामजद को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है और बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



