लोकल न्यूज़
सात निश्चय, जल जीवन हरियाली व मनरेगा योजनाओं की समीक्षा, अनुपस्थित अभियंता का वेतन स्थगित,
Munger News : Dr Suresh Kumar

सात निश्चय योजना पार्ट-1 एवं 2, जल जीवन हरियाली तथा मनरेगा के तहत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के कार्यान्वयन एवं प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर बूडको के कार्यपालक अभियंता के विरुद्ध कारण पृच्छा करते हुए उनका वेतन स्थगित करने का आदेश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री अजीत कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
सात निश्चय योजना के तहत जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र द्वारा संचालित योजनाओं तथा लंबित आवेदनों के निष्पादन की धीमी गति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में मुंगेर जिला काफी पीछे है और बड़ी संख्या में आवेदन लंबित हैं। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर अधिक से अधिक लाभुकों को योजना का लाभ दिलाएं।
हर घर नल-जल योजना (शहरी एवं ग्रामीण) की समीक्षा में जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्र के कई वार्डों में अब भी लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर पीएचईडी एवं बूडको के अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाते हुए संबंधित क्षेत्रों में शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा के दौरान पाया गया कि एजेंसी द्वारा कई पंचायतों में अब तक अधिष्ठापन कार्य पूरा नहीं किया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जहां स्ट्रीट लाइट लगने के बाद भी जल नहीं रही हैं, उन्हें शीघ्र चालू कराने एवं दोषी एजेंसी से पेनाल्टी वसूलने का आदेश दिया गया।
बैठक में पंचायत सरकार भवन निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए तथा जहां भूमि अधिग्रहण हो चुका है, वहां निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने को कहा गया। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की समीक्षा में जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों की शीघ्र जांच कर अधिक से अधिक लाभुकों को स्वीकृति देने पर जोर दिया। जल जीवन हरियाली योजना के अंतर्गत तालाब, कुआं, चापाकल, पइन आदि के जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि जिन पंचायतों में कार्य अधूरे हैं, उन्हें अविलंब पूर्ण किया जाए। साथ ही सार्वजनिक कुओं के सामने सोख्ता निर्माण को अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।




