मुख्यमंत्री के संभावित मुंगेर दौरे की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

मुंगेर, 24 जून 2026। आगामी 27 एवं 28 जून को बिहार के माननीय मुख्यमंत्री के संभावित मुंगेर आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। तैयारियों की समीक्षा के क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने टेटिया बम्बर प्रखंड के भुना एवं लगमा पंचायत स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मंच निर्माण, आगंतुकों एवं जनप्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, हवेली खड़गपुर राजीव रोशन सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी तथा तकनीकी पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं कार्य एजेंसियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी प्रकार की कमी न रहने दें। साथ ही कार्यक्रम स्थलों की साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए समुचित कार्ययोजना तैयार रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भुना एवं लगमा पंचायत के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष बल दिया।




